जीडी मिश्रा इंस्टीट्यूट में डीएलएड सत्र 2025-27 का शुभारंभ बक्सर खबर। शहर के जीडी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में डीएलएड के नवीन सत्र 2025-27 का शुभारंभ समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षाविद डॉ. राजेश्वर मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव प्रदीप मिश्र एवं प्राचार्य डॉ. जेआर चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर मिश्र ने प्रशिक्षुओं को शिक्षक की भूमिका, दायित्व एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला होता है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र का भविष्य सशक्त बनाया जा सकता है।
संस्थान के सचिव प्रदीप मिश्र ने अपने उद्बोधन में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को अनुशासन, समर्पण एवं नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित किया। वहीं प्राचार्य डॉ. जेआर चौधरी ने नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए सत्र की रूपरेखा एवं प्रशिक्षण की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, एसके दुबे, अजय पाल, सुनील मिश्रा, अरविन्द सिंह, प्रकाश मिश्र, निशान्त मिश्र एवं प्रभाष सहित बीएड एवं डीएलएड के प्रशिक्षु उपस्थित रहे। मंच संचालन का दायित्व दीपक एवं ऋतिका द्वारा सफलतापूर्वक निभाया गया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन अश्विनी कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।

































































































