जिला उपभोक्ता फोरम कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन, उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर हुई चर्चा बक्सर खबर। स्थानीय जिला उपभोक्ता फोरम के कार्यालय में रविवार को विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह की अध्यक्षता एवं उनके कुशल दिशा-निर्देश में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के माध्यम से आम नागरिकों को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अधिकारों की सुरक्षा हेतु मार्गदर्शन दिया और उपभोक्ता फोरम की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
समारोह में अधिवक्ता अशोक कुमार पांडेय और बसंत चौबे ने कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं, फोरम के कर्मी अखिलेश कुमार और पक्षकार सह नागरिक मो. अजहर ने भी अपने वक्तव्य रखे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि उपभोक्ता अधिकारों का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक होना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार न हो। इस अवसर पर कार्यालय के कर्मी हरेन्द्र पाण्डेय, अखिलेश कुमार, विकास कुमार, शालिनी कुमारी, विनय कुमार पाण्डेय और शिवम सिंह और अधिवक्ता एवं नागरिक अवध बिहारी प्रसाद, भीम कुमार, राजेश चौबे, आशीष कुमार, पूजा मिश्रा, रामव्रत सिंह, कुमार दिव्यम और लल्लू प्रसाद उपस्थित रहे।
































































































