24 घंटे में सफाई नहीं तो कार्यपालक पदाधिकारी पर कार्रवाई बक्सर खबर। जिले की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी को लेकर जिलाधिकारी साहिला ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर से लेकर पंचायतों तक कचरे के ढेर और नगर निकायों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्वच्छता व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए बड़ा प्रशासनिक तंत्र खड़ा कर दिया है। अब जिले के बड़े अधिकारी दफ्तरों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वार्डों की गलियों में जाकर खुद सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगे। डीएम के ताजा आदेश के अनुसार बक्सर नगर परिषद, डुमरांव नगर परिषद तथा चौसा, इटाढ़ी और ब्रह्मपुर नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों का नियमित निरीक्षण करना होगा और जमीन पर उतरकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करनी होगी।
निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी या कचरे का अंबार मिलेगा, वहां की जियो-टैग फोटो लेकर नगर निकाय के व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करनी होगी। यह फोटो डिजिटल साक्ष्य के रूप में दर्ज होगी। फोटो अपलोड होते ही संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को 24 घंटे के भीतर उस स्थान की सफाई सुनिश्चित करनी होगी। समय सीमा के भीतर कचरा नहीं उठाने पर इसे आदेश की अवहेलना माना जाएगा और संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने स्पष्ट कहा है कि कचरे के कारण फैलने वाली बीमारियों और प्रदूषण को लेकर अब किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त रहेगा।
नगर परिषद बक्सर के वार्ड संख्या 1 से 7 तक की निगरानी सदर एसडीएम अविनाश कुमार, 8 से 14 तक डीसीएलआर शशि भूषण, 15 से 21 तक वरीय उप समाहर्त्ता अमित कुमार, 22 से 28 तक वरीय उप समाहर्त्ता गौरव सिंह, 29 से 35 तक सदर बीडीओ साधु शरण पांडेय और 36 से 42 तक की जिम्मेदारी सदर सीओ राहुल कुमार को सौंपी गई है। डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 1 से 7 तक डुमरांव एसडीओ राकेश कुमार, 8 से 14 तक डीसीएलआर देश लाल सिंह, 15 से 21 तक कार्यपालक दंडाधिकारी अजाजुद्दीन अहमद, 22 से 28 तक डुमरांव बीडीओ संदीप कुमार पांडेय तथा 29 से 35 तक की निगरानी डुमरांव सीओ कुमार दिनेश करेंगे। नगर पंचायत चौसा में वार्ड 1 से 7 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान और 8 से 14 तक अंचल अधिकारी निलेश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। नगर पंचायत इटाढ़ी में वार्ड 1 से 6 तक बीडीओ किरण कुमारी और 7 से 11 तक अंचलाधिकारी संतोष कुमार प्रीतम को निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। नगर पंचायत ब्रह्मपुर में वार्ड 1 से 7 तक बीडीओ सोनू कुमार तथा 8 से 13 तक अंचलाधिकारी खुशबू खातून को सफाई व्यवस्था की निगरानी का जिम्मा दिया गया है।





































































































