अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर निर्मल कुमार सिंह का बड़ा ऐलान, राणा रंजीत सिंह प्रशिक्षण केंद्र के लिए मुफ्त में देंगे जमीन बक्सर खबर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान द्वारा डुमरांव गढ़ स्थित मार्बल हाउस परिसर में सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, प्रदर्शनी तथा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राणा रंजीत सिंह ने की। कार्यक्रम में वीर कुंवर सिंह फाउंडेशन के प्रेसिडेंट एवं जन शिक्षण संस्थान के फाउंडर चेयरमैन निर्मल कुमार सिंह ने घोषणा की कि जिले में क्षमता निर्माण के लिए एक प्रशिक्षण हब स्थापित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण हब में औद्योगिक, व्यावसायिक, प्रबंधन, कौशल विकास, योजना और परियोजना से जुड़े स्थानीय एवं राष्ट्रीय महत्व के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे युवाओं और विशेष रूप से महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राणा रंजीत सिंह ने कहा कि महिलाओं को हुनरमंद बनाकर अधिक से अधिक रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशिक्षण हब और कार्यालय खोलने के लिए फाउंडेशन को मुफ्त में जमीन देने की सार्वजनिक घोषणा भी की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योगपति अजय सिंह ने कहा कि मेहनत और कर्मठता से पैसा कमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और यह समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक और स्वागत योग्य बदलाव है। उन्होंने इस पहल में हर तरह से सहयोग देने का भरोसा भी जताया। इस अवसर पर निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि महिला दिवस की वास्तविक सार्थकता तभी है जब महिलाओं को संसाधन, समर्थन, ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत जन शिक्षण संस्थान की निदेशक मधु सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जन शिक्षण संस्थान से जुड़ी व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सैकड़ों महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, अविनाश कुमार, प्रशांत पाठक, सुमन कुमारी, अनिल, अनूप सहित सभी अनुदेशिकाएं और संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।





































































































