पूर्व सैनिकों की जमीन की मांग को सदन में उठाने पर विधायक आनंद मिश्र का सम्मान

0
61

आईईएसएम की मासिक बैठक में करीब 200 पूर्व सैनिक शामिल, 20 नए सदस्यों ने ली सदस्यता                    बक्सर खबर। इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट की मासिक बैठक रविवार को शहर के बाईपास रोड स्थित सैनिक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी और डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक आनंद मिश्र उपस्थित रहे। बैठक में जिले के लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक आनंद मिश्र को अंगवस्त्र, मोमेंटो और फूल माला देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने सैनिकों की पिछले 20 वर्षों से लंबित 50 डिसमिल जमीन की मांग को विधानसभा में उठाने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। वहीं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि विधायक द्वारा उठाई गई यह मांग ऐतिहासिक है, क्योंकि इससे पहले किसी जनप्रतिनिधि ने सदन में इस मुद्दे को इतनी मजबूती से नहीं उठाया था।

जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने कहा कि सैनिक वर्षों से अपनी मांग को उठाते आ रहे थे, लेकिन विधायक आनंद मिश्र ने इसे सदन में उठाकर प्रमाण के तौर पर सामने रखा, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि पूर्व सैनिकों की मांग को उन्होंने सिर्फ सदन में ही नहीं उठाया है, बल्कि इसे धरातल पर पूरा करने का भी प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे स्वयं जमीन खरीदकर सैनिकों को उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से पांच और महत्वपूर्ण मांगों का प्रस्ताव देने को कहा, ताकि उन्हें भी शीघ्र पूरा कराया जा सके। उन्होंने संस्था को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बैठक के दौरान 20 पूर्व सैनिकों ने आईईएसएम बक्सर की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी सूबेदार सुदामा प्रसाद द्वारा सभी सैनिकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई। अंत में सभापति कैप्टन बीएन पाण्डेय ने बैठक की समाप्ति की घोषणा की।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आरबी ओझा, जिला महासचिव कैप्टन निवास सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर आरबी सिंह, कार्यकारिणी अध्यक्ष कैप्टन संजय पाठक, लेफ्टिनेंट लक्ष्मण चौबे, सचिव नायब सूबेदार हरेंद्र मिश्रा, उप चेयरमैन बलिराम मिश्रा, उप कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी सुदामा प्रसाद, मीडिया प्रभारी गणेश सिंह, संयोजक सूबेदार रामनाथ सिंह, उप संयोजक भारत मिश्रा, उप संयोजक काशी उपाध्याय, तकनीकी अधिकारी धनंजय दुबे, उप तकनीकी अधिकारी श्रीराम सिंह, चौगाई प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन कन्हैया पंडित, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार कमलेश सिंह, राजपुर प्रखंड अध्यक्ष चंद्रजीत सिंह, इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष हवलदार हरिहर सिंह, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष नायब सूबेदार त्रिवेणी दुबे, सूबेदार जैनेन्द्र सिंह, मनोरंजन तिवारी, बी.पी. सिंह, कैप्टन आर.सी. पाल, किशुन लाल, ईश्वर दयाल सिंह, द्वारिका पाण्डेय, जंग बहादुर सिंह, राम एकबाल सिंह सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here