फैज एकादश बक्सर का दमदार प्रदर्शन, गया को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश

0
561

अंकित राज की नाबाद फिफ्टी से आसान जीत, फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांच चरम पर                           बक्सर खबर। 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फैज एकादश बक्सर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गया जी की टीम को 6 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला ऐतिहासिक किला मैदान पर खेला गया, जहां दर्शकों की भारी भीड़ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच का भव्य शुभारंभ पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद को हिट कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान और पिंटू सिंघानिया की शानदार आतिशबाजी ने मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि नेयामतुल्लाह फरीदी, संजय राय, डॉ. श्रवण तिवारी, ओमजी यादव, डॉ. एसएन उपाध्याय, डॉ. तनवीर फरीदी, डॉ. सुहैल अंसारी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया जी की टीम निर्धारित 21 ओवर में 117 रन ही बना सकी। कप्तान गौतम यादव ने सर्वाधिक 48 रन की पारी खेली, जबकि रोहित ने 23 और प्रभाकर ने 11 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। फैज एकादश की ओर से कप्तान फरह अंसारी, दीपक पांडे और विकास पटेल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्णव और अंकित सिंह को एक-एक सफलता मिली। दो बल्लेबाज रन आउट हुए। 118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैज एकादश बक्सर की टीम ने 13.4 ओवर में मात्र चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकित राज ने 6 चौकों और 2 शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कुंदन वर्मा ने नाबाद 24 रन, हृदय ने 17 रन और अर्णव किशोर ने 20 रन का योगदान दिया। गया जी की ओर से सुमन सौरभ, भारती, ऋषि राज और अभिनव सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

फोटो – किला मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी

शानदार बल्लेबाजी के लिए फैज एकादश के अंकित राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार वार्ड नंबर दो के पार्षद अजय चौधरी ने प्रदान किया। साथ ही बक्सर स्पोर्ट्स के प्रोप्राइटर रोहित सिंह की ओर से उन्हें स्पोर्ट्स जूता भी भेंट किया गया। दर्शकों और हीरो होंडा की ओर से भी खिलाड़ियों को कई पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी ने निभाई। कमेंट्री विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की। ऑनलाइन स्कोरर अमन फरीदी, ऑफलाइन स्कोरर नारायण और रणधीर सिंह रहे, जबकि लाईव प्रसारण सुशांत ब्लास्टर की टीम ने किया। मैच के दौरान हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को मुजफ्फरपुर और फैज एकादश बक्सर के बीच खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here