सड़क पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही बनी हादसा का कारण बक्सर खबर। गुरुवार को एनएच 922 पर कृष्णाब्रह्म ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा करीब सुबह 9 बजे हुआ और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान अरियांव के सिधानी डेरा निवासी 65 वर्षीय कन्हैया यादव के रूप में की।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन इतनी तेज गति से आ रहा था कि वृद्ध को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।






























































































