-राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने सौंपा दिया सिंबल, मंगलवार को आएंगे बक्सर
बक्सर खबर। राजपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से जदयू के पूर्व विधायक संतोष निराला को पार्टी ने टिकट प्रदान कर दिया है। आज सोमवार को प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने सह सिंबल संतोष निराला को सौंपा। यह संदेश मिलते ही निराला के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पटना स्थित उनके आवास पर पहुंचे पार्टी नेताओं ने वहीं मिठाई खिला शुभकामनाएं दी और माला पहना स्वागत किया।
बातचीत के क्रम में निराला ने बताया हम लोग यहां पार्टी के नेताओं से मिलकर मंगलवार की सुबह बक्सर पहुंचेंगे। ज्योति चौक पर माल्यार्पण के बाद बक्सर और राजपुर के साथियों से मिल उनका आभार प्रकट करेंगे। साथ ही नामांकन की प्रक्रिया पर तैयारी की जाएगी। संतोष निराला उन गिने-चुने लोगों में शामिल हैं। जिनको मुख्यमंत्री ने स्वयं उम्मीदवार घोषित किया था।

प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने राजपुर की सभा में खुले मंच से उनके लिए लोगों से समर्थन मांगा था। यह उसी का परिणाम है। अभी जहां एक तरफ प्रथम चरण के बहुत से उम्मीदवारों के नाम का फैसला भी नहीं हुआ। वहीं दूसरी तरफ संतोष निराला को टिकट भी थमा दिया है। संतोष निराला राजपुर से पहले भी दो बार विधायक रह चुके हैं। इस बार भी पार्टी ने उन पर अपना भरोसा जताया है। जिसको लेकर, उनके साथियों में खुशी व्याप्त है।