–वेदशीरा मुनि आश्रम में देश के गौरव को दी गई श्रद्धांजलि बक्सर खबर। बक्सर उत्थान मंच के सदस्यों ने शुक्रवार को भारत के महान अंतर्राष्ट्रीय धावक शिवनाथ सिंह का जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। कार्यक्रम का आयोजन स्टेशन रोड स्थित वेदशीरा मुनि आश्रम में किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिवनाथ सिंह के शानदार खेल जीवन और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भारत के सबसे बड़े लंबी दूरी के धावकों में से एक थे। उन्होंने 1976 और 1980 के ओलंपिक, साथ ही दो बार एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
शिवनाथ सिंह का जन्म जिले के सदर प्रखंड स्थित मंझरिया गांव में हुआ था। वे भारतीय सेना की बिहार रेजिमेंट में शामिल हुए और नायब सूबेदार के पद तक पहुंचे। एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वे बिहार के पहले अर्जुन पुरस्कार विजेता बने। 1978 में बनाया गया उनका मैराथन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड आज तक अटूट है। यही नहीं, उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में दो एशियन चैंपियनशिप में चार रजत पदक, और 1974 तेहरान एशियाड में स्वर्ण पदक भी जीता। मांट्रियल ओलंपिक में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11वां स्थान हासिल किया था। शिवनाथ सिंह को बिहार सरकार द्वारा मरणोपरांत लाइफटाइम एचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया, जो उनके गौरवपूर्ण करियर की सच्ची पहचान है।
इस आयोजन में मुकुंद सनातन, इंद्रजीत चौबे, अमित दुबे, महावीर गुप्ता, सतीश दुबे, अमरेंद्र पांडे, धन जी, मोनू श्रीवास्तव, बरमेश्वर चौधरी, मनोज केशरी, संजय चौबे, ओमकार गुप्ता, राघवेंद्र मिश्रा, तुलसी चौधरी, उमा कांत पांडेय, बलराम पाठक समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।