गंगा में डूबा किशोर, घंटों तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

0
1443

अब एसडीआरएफ शनिवार को फिर चलाएगी खोज अभियान                                                            बक्सर खबर। गंगा स्नान करने गए एक किशोर के डूबने से इलाके में सनसनी फैल गई। ये घटना शुक्रवार को नैनीजोर थाना क्षेत्र के बिहार घाट पर हुई, जब भोजपुर जिले के सरना भरौली गांव निवासी 16 वर्षीय सिद्धेश्वर कुमार मिश्र उर्फ सित्तू गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लहरों में ओझल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सित्तू नहाने के दौरान गंगा में कुछ आगे बढ़ गया और अचानक तेज बहाव में बहने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह पानी में डूब चुका था। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।मिली जानकारी के अनुसार वह अपने माता-पिता के साथ झारखंड के धनबाद में रहता था। पिछले दिनों उसकी मौसेरी बहन की शादी थी, जिसमें शामिल होने वह भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बेलौटी आया था, शादी संपन्न होने के बाद वह अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया था। ननिहाल आने के बाद से ही वह गंगा स्नान की जिद कर रहा था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से गंगा स्नान की जिद अपने मामा से कर रहा था। गंगाजल लेकर धनबाद जाने के लिए भी बोला था। सुबह में उसके मामा मुन्ना पांडेय स्नान करने बिहार घाट पहुंचे। मामा अभी शौच कर रहे थे तभी सित्तू कपड़े खोलकर गंगा में छलांग लगा दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही नैनीजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीओ को सूचित किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए दानापुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई, जिसने शाम तक लगातार खोजबीन की, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की खबर जैसे ही सित्तू के गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भागे-भागे घाट पर पहुंचे और रोते-बिलखते हर पल किसी चमत्कार की उम्मीद करते रहे। लेकिन जब देर शाम तक बेटे का कोई पता नहीं चला, तो टूटे मन से वापस लौट गए। अब शनिवार को एसडीआरएफ की टीम फिर से सुबह से ही तलाश अभियान शुरू करेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here