लोक शिकायत निवारण की द्वितीय अपील में 10 मामलों पर हुई सुनवाई, दो का मौके पर ही निपटारा बक्सर खबर। सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी साहिला ने विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। जन सुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से जुड़े कुल 43 आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला द्वारा लोक शिकायत निवारण से संबंधित द्वितीय अपील की सुनवाई समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। सुनवाई के दौरान कुल 10 मामलों पर विचार किया गया। इनमें लोक शिकायत अधिकार निवारण से जुड़े सभी 10 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से दो मामलों का निष्पादन जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।






























































































