ट्रक के धक्के से मजदूर की मौत, विरोध में सड़क जाम

0
348

– कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सरौरा गांव के पास की घटना
बक्सर खबर। घर से काम पर निकले मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि दुर्घटना के बाद तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों ने ट्रक को चालक समेत पकड़ पुलिस को सौंप दिया। दुर्घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के टुड़ीगंज अरियांव पथ पर सरौरा गांव के पास सुबह नौ बजे के लगभग हुई। मृतक रामजीत कुमार उम्र 22 वर्ष पिता बृजा राम इसी थाना क्षेत्र के रेहिया गांव का रहने वाला था। दुर्घटना के विरोध में ग्रामीणों ने घटना स्थल पर ही शव को सड़क पर रख टुड़ीगंज अरियांव पथ को जाम कर दिया। जिसके कारण पथ पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया।

सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस मौके पर पहुंची तथा सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया। लेकिन, इसमें दोपहर का वक्त गुजर गया। लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे। मृतक के पिता बृजा राम समेत दोनों भाईयों व मां का रो रोकर बुरा हाल था। पीड़ित परिवार को पंचायत के मुखिया द्वारा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत अंतिम संस्कार के लिए तीन हजार जबकि परिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रूपए दिए गए। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि मृतक के पिता ने चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। चालक औद्योगिक थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी बजरंगी यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here