मुमताज अली प्रदेश में तीसरे स्थान पर और श्वेता पांडे को मिला सांत्वना पुरस्कार बक्सर खबर। राज्य स्तरीय टीएलएम मेले में जिले के शिक्षकों ने अपनी मेधा और नवाचारी सोच का लोहा मनवाया है। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आधुनिक शिक्षण सामग्री के दम पर दो शिक्षकों ने राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उर्दू मध्य विद्यालय नावानगर के शिक्षक मोहम्मद मुमताज अली ने उर्दू विषय के अंतर्गत अपनी प्रभावी टीएलएम प्रस्तुति के माध्यम से तृतीय स्थान हासिल किया। उनके द्वारा तैयार की गई शिक्षण सामग्री को निर्णायक मंडल ने न केवल सराहा, बल्कि इसे छात्रों के लिए अत्यंत सुलभ और उपयोगी बताया।
वहीं, श्वेता पांडे ने अंग्रेजी विषय में अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से शिक्षाविदों का दिल जीत लिया और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने में सफल रहीं। शिक्षकों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने हर्ष व्यक्त किया है। अधिकारियों ने दोनों शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि जिले के शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि अन्य शिक्षक भी भविष्य में नवाचार के लिए प्रेरित होंगे।






























































































