समाधान समारोह से सुलझेंगे बरसों पुराने विवाद, 9 मई को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

0
35

सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर 31 मई तक आवेदन का मौका, सचिव नेहा दयाल ने पीएलवी और पैनल अधिवक्ताओं के साथ की बैठक                                बक्सर खबर। न्याय को सरल, सुलभ और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नालसा द्वारा प्रायोजित “समाधान समारोह” कार्यक्रम एवं आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली इस वर्ष का द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अवर न्यायाधीश-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नेहा दयाल ने की, जिसमें जिले के सभी पारा विधिक स्वयंसेवक एवं पैनल अधिवक्ता शामिल हुए। बैठक में नेहा दयाल ने बताया कि “समाधान समारोह” का आयोजन 21 अप्रैल से शुरू होकर 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के साथ संपन्न होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उन मामलों का निपटारा करना है, जो आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से सुलझाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन नई दिल्ली स्थित सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि इस विशेष लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण, आपराधिक सुलहनीय मामले, श्रम विवाद सहित अन्य सहमति योग्य मामलों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे भरने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित है। बैठक में पारा विधिक स्वयंसेवकों को निर्देश दिया गया कि वे नोटिस वितरण के दौरान पक्षकारों को मध्यस्थता के लाभ, राष्ट्रीय लोक अदालत और “समाधान समारोह” की जानकारी विस्तार से दें, ताकि अधिक से अधिक लोग सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निपटारा कराने के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने बताया कि सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकार के मध्यस्थता केंद्रों पर किया जाएगा, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ अधिवक्ता एवं अधिकारी पक्षकारों की सहायता करेंगे। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं। बैठक में सत्यम पांडे, मुंतजिर अहमद, कविंद्र पाठक, प्रिया कुमारी, नीतू कुमारी, अजीत कुमारी, अनिल गुप्ता, शिवदयाल पांडे, अंजुम कुमार रावत सहित कई अन्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here