वर्दी में चंदन-तिलक पर रोक, विश्वामित्र सेना ने डीजीपी के फरमान को बताया तानाशाही 

0
60

बिहार सरकार स्थिति स्पष्ट करे वरना सड़कों पर उतरेंगे सनातनी                                                                 बक्सर खबर। बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार द्वारा पुलिसकर्मियों को वर्दी में चंदन तिलक नहीं लगाने संबंधी दिए गए कथित निर्देश पर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर विश्वामित्र सेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि चंदन तिलक सनातन परंपरा और आस्था का प्रतीक है, जिसे वर्दी के साथ जोड़कर प्रतिबंधित करना अनुचित और भेदभावपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां हर नागरिक को अपनी धार्मिक पहचान और आस्था व्यक्त करने का मौलिक अधिकार प्राप्त है। ऐसे में किसी विशेष धार्मिक प्रतीक पर रोक लगाने का प्रयास संविधान की भावना के विपरीत प्रतीत होता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के निर्देश न केवल हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करते हैं, बल्कि समाज में अनावश्यक विवाद भी उत्पन्न करते हैं। विश्वामित्र सेना ने बिहार सरकार से मांग की है कि इस मामले में तत्काल स्थिति स्पष्ट की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी वर्ग की धार्मिक आस्था के साथ अन्याय न हो। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकार के निर्देशों को वापस नहीं लिया गया, तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here