– परिवार के सदस्यों ने किसी बात को लेकर लगाई थी फटकार
बक्सर खबर। सोनवर्षा थाना के बाली गांव में किशोर ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक छोटू यादव की उम्र 16-17 वर्ष के लगभग होगी। ऐसा लोगों ने पूछने पर बताया। घटना शनिवार की सुबह दस बजे के आस-पास की है। दिन के ग्यारह बजे के लगभग जब कोई उस किशोर को ढूढ़ता आया तो परिजन कमरे में उसे आवाज देने गए। लेकिन, कमरा अंदर से बंद था। बार-बार आवाज देने पर भी प्रतिक्रिया नहीं मिली तो घर वालों ने अनहोनी के डर से दरवाजे को तोड़ दिया। अंदर फंदे से लटका उसका शव देख घर में चीत्कार मच गई। परिजनों ने सोनवर्षा थाने को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने पाया कि उसने घर में पड़ी चादर से फंदा बनाकर ऐसा किया है। मौत का क्या कारण है। यह पूछने पर किसी परिजन ने कुछ नहीं बताया। दबी जुबान से लोग कह रहे थे, हो सकता है कुछ नशा-पताई करता हो। लेकिन, मामला आत्महत्या का है और परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की। इस वजह से पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पूछने पर ग्रामीणों ने बताया किसी बात को लेकर वह घर वालों से नाराज था। शायद गुस्से में उसने ऐसा कदम उठा लिया है। इस संबंध में पूछने पर सोनवर्षा की प्रभारी थानाध्यक्ष काजल कुमारी ने कहा, परिजनों ने उसे आत्महत्या बताया। कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
































































































