गंगा घाटों के कायाकल्प की तैयारी, डीएम साहिला ने की समीक्षा

0
49

-अमृत 2.0 के तहत सीवरेज नेटवर्क का सर्वे पूरा, प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ चलेगा विशेष जागरूकता अभियान                                                                बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में गंगा घाटों के निर्माण, सौंदर्यीकरण, सीवरेज व्यवस्था और स्वच्छता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ा प्रस्ताव राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी। अमृत 2.0 योजना के तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवरेज नेटवर्क का सर्वे पूरा हो चुका है। डीएम ने मानसून को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के साथ समन्वय बनाने को कहा गया।

मोक्ष धाम निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बुडको अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा। गंगा एवं सहायक नदियों में ठोस कचरे के प्रवाह को रोकने के लिए नगर परिषद बक्सर और डुमरांव को नालों में लगे वी-नॉच की नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्लास्टिक से बढ़ते प्रदूषण, जलीय जीवों पर खतरे और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर निकायों और स्वयं सहायता समूहों को इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने आम लोगों तक प्लास्टिक के दुष्प्रभाव की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को टास्क फोर्स गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक को गंगा ग्रामों में नियमित साफ-सफाई अभियान चलाने तथा वन विभाग को बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा शहर के सभी घाटों पर स्वच्छता जागरूकता संबंधी साइनेज बोर्ड लगाने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here