‌‌‌ बसपा की संविधान बचाओ संकल्प यात्रा में जुटे लोग

0
122

-सदर प्रखंड के विभिन्न गांवों में आयोजित हुए कार्यक्रम
बक्सर खबर। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार इन दिनों गांव अभियान चला रहे हैं। जिसे नाम दिया गया है संविधान बचाओ संकल्प यात्रा। बुधवार को इस अभियान के तहत सदर प्रखंड के दलसागर, बरुना, बोक्सा, महदह, जगदीशपुर, नदाव, चक्रहसी, कमरपुर पंचायत में संकल्प सभा आयोजित हुई। जिसे संबोधित करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि यह संविधान बाबा साहब ने अपने लिए नहीं, बल्कि हम तमाम देशवासियों के लिए बनाया था। हम बहुजनों के लिए बनाया था, हम पिछड़ों के लिए बनाया था, हम अतिपिछड़ों के लिए बनाया था।

लेकिन संविधान को लागू हुए 73 साल गुजर गए, पर आज भी संविधान में बताए हुए जो हमारे अधिकार थे, वे हमें सही मायनों में हासिल नहीं हो सके हैं। संविधान के तहत देश में जो पिछड़े, दलित, अतिपिछड़े हैं, जिन्हें जहां तक पहुंचना चाहिए था, नहीं पहुंच पाए हैं। इसके लिए दोषी कौन है ? यह खोजने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस ने भी देश पर लंबे समय तक राज किया है, और हम बहुजन समाज के लोगों का, पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलितों का खून चूसने का ही काम किया है। जब भारतीय जनता पार्टी की भी सरकार बनी तो पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलितों का खून चूसने का काम इन्होंने भी किया।

इनके करतूतों का अगर सही आकलन करें तो हम पाते हैं कि भारतीय जनता पार्टी अगर सांपनाथ है तो कांग्रेस के लोग नागनाथ हैं। इन दोनों से ही हमें अपने संविधान को बचाना है। इस संविधान बचाओ संकल्प सभा को बसपा प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, संजय मण्डल, बसपा नेता राजकमल पटेल, प्रदेश सचिव प्रेम प्रकाश पटेल, बक्सर जिला अध्यक्ष सुभाष गौतम, सेक्टर प्रभारी कमलेश राव, चौसा प्रखण्ड अध्यक्ष जयराम भारती, डुमरांव प्रखंड अध्यक्ष, जिला सचिव सिंटू चौहान, जिला सचिव मानसी भारती, सेक्टर प्रभारी ने भी संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here