मासिक बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, पेंशन मामलों के त्वरित निपटारे का संकल्प बक्सर खबर। इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट जिला ईकाई की मासिक बैठक रविवार को बाईपास रोड स्थित सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। तीखी धूप और फसल कटाई के व्यस्त समय के बावजूद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर देना रहा। इस दिशा में सभी प्रखंड अध्यक्षों ने अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने का निर्णय लिया।अध्यक्षता कर रहे डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने कहा कि आईईएसएम बक्सर सभी पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के हित में कार्य करता है, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों या नहीं। उन्होंने संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई जाएगी।
जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने बताया कि आईईएसएम बक्सर द्वारा पेंशन संबंधी कार्य पूरी तरह निशुल्क एवं निस्वार्थ भाव से किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक संगठन के माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये की पेंशन एवं एरियर दिलाया जा चुका है। उप कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जो हाल ही में दिल्ली में आईईएसएम के चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह से मुलाकात कर लौटे हैं, ने वहां से प्राप्त दिशा-निर्देशों से उपस्थित पूर्व सैनिकों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आईईएसएम के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बक्सर इकाई के सराहनीय कार्यों की सराहना करते हुए दो अधिकारियों के नाम गवर्निंग बॉडी के लिए मांगे हैं। सर्वसम्मति से महा सचिव कैप्टन श्रीनिवास सिंह एवं उप कोषाध्यक्ष पेट्टी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह को दिल्ली स्थित आईईएसएम की गवर्निंग बॉडी के लिए प्रतिनिधि के रूप में चयनित किया गया।
इस अवसर पर बीएन पाण्डेय, आरबी सिंह, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष कामेश्वर राय, अलख नारायण श्रीवास्तव, संजय पाठक, किशन लाल, रविकांत राय, सुभाष ओझा, द्वारिका पाण्डेय, रामनाथ सिंह, जग नारायण साहू, ईश्वर दयाल सिंह, बलिराम मिश्रा, जंग बहादुर सिंह, हरिहर सिंह, आरसी पाल, राजेंद्र चौबे, सुदामा प्रसाद, गणेश सिंह, बिनोद मिश्रा, ललन चौबे, हाकिम प्रसाद, धनंजय दुबे, श्रीराम सिंह, राम एकबाल सिंह, बृजनाथ सिंह यादव, उमा शंकर शर्मा, वीरेंद्र सिंह, श्रीकांत यादव, परमेश्वर सिंह, सीताराम साहू, अंबिका राय सहित वीरांगना संगीता देवी, कलावती देवी एवं अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
































































































