समर्पण सम्मान समारोह में निदेशक पवन कुमार ने उत्कृष्ट कर्मियों को किया सम्मानित बक्सर खबर। महर्षि विश्वामित्र विश्वविद्यालय के मानस भवन में रविवार को डाक विभाग, बक्सर मंडल द्वारा समर्पण सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शाखा डाकघरों एवं इकाइयों में कार्यरत उन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य, लक्ष्य प्राप्ति और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक डाक सेवाएं पटना, पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डाक विभाग देश की सबसे पुरानी एवं विश्वसनीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जिसकी सफलता उसके कर्मियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि विभाग अब पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़कर बैंकिंग, बीमा, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को निरंतर समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बक्सर डिवीजन ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। 84,500 बचत खाते खोलने के लक्ष्य के विरुद्ध 1,26,734 नए खाते खोलकर लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई। वहीं 34,569 खातों के बंद होने के बावजूद 92,165 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो विभाग की सक्रियता और जनविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि प्रधान डाकघर में आमजन की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक बुकिंग सेवाएं दी जा रही हैं। यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र एवं आधार नामांकन-अद्यतन केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित हैं। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं। समारोह के दौरान विभिन्न शाखा डाकघरों के कर्मचारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभाग की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से किया गया। अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार, डाक निरीक्षक रंजीत कुमार (डुमरांव अनुमंडल), डाक निरीक्षक मनीष कुमार (पूर्वी अनुमंडल, रघुनाथपुर), सीआई आदित्य राज, पोस्टमास्टर प्रेम कुमार सहित सारांश ओझा, विकी कुमार, सुशील कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, राहुल कुमार, जया कुमारी, मोहित केशरी, अभिषेक कुमार, विकास कुमार, विष्णु कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
































































































