नवनिर्मित मकान में रोती मिली बच्ची, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज बक्सर खबर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने दुष्कर्म की पुष्टि की है। मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नवनिर्मित मकान से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। आसपास के लोगों ने जब अंदर जाकर देखा तो तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजन बच्ची को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने बच्ची के साथ हुई इस घिनौनी वारदात की पुष्टि की।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाला आरोपी भी नाबालिग है। हालांकि, पुलिस इस पहलू पर अभी आधिकारिक जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
































































































