अस्पताल की लापरवाही : नवजात को लेकर भाग रहा था चोर

0
708

-लोगों ने मचाया हंगामा तो बच्चा छोड़कर भागा
बक्सर खबर। राजपुर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से नवजात बच्चा चोरी करने का मामला सामने आया है। हालांकि लोगों की सजगता से घटना टल गई। लोगों ने हंगामा मचाया तो चोर बच्चे को छोड़कर भाग निकला। घटना शुक्रवार रात की है। सूचना के मुताबिक कोनौली गांव के धीरेंद्र सिंह की पत्नी गुडिय़ा देवी ने पुत्र को जन्म दिया। प्रसव राजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हुआ। महिला उसी अस्पताल में इलाजरत थी। तभी शुक्रवार की रात किसी ने बच्चे को चुराने की कोशिश की।

इसकी जानकारी देते हुए पीडि़त परिवार ने बताया कि उन्हें तीन पुत्रियों के बाद यह चौथी संतान पुत्र के रूप प्रप्त हुआ है। नवजात के साथ मां गहरी नींद में सो रही थी। वार्ड में अन्य लोग भी सोए हुए थे। तभी अस्पताल परिसर के पीछे से कमरे की टूटी हुई खिड़की के सहारे एक चोर उस रूम में दाखिल कर गया। नवजात शिशु को अपने गोद में उठाकर खिड़की से भागने लगा। भागने के क्रम में लोहे के रॉड से टकरा गया।

आवाज सुन बगल में सो रही कनेहरी गांव की महिला की नींद खुल गई। देखा एक चोर बच्चे को लेकर भाग रहा है। उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। संयोगवस उसी समय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ0 अशोक पासवान रोगियों की जांच के लिए कमरे की तरफ ही चले आ रहे थे। उन्होंने अस्पताल के कर्मियों को आवाज दी। सभी चोर के पीछे लपके। वह बच्चे को छोड़ भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद से सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here