आरोपी चालक फरार, हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम बक्सर खबर। सोनवर्षा थाना क्षेत्र के महुअरी गांव के समीप रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान बाली गांव निवासी अखिलेश कुमार बिंद की 35 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमिला देवी रोज की तरह आज भी करीब चार बजे घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान महुअरी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और मामले की जानकारी तुरंत सोनवर्षा थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि प्रमिला देवी प्रतिदिन सुबह टहलने जाया करती थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुट गई है।





























































































