संगठन विस्तार को लेकर व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय बक्सर खबर। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन जिला कमेटी की बैठक रविवार को चीनी मिल मोहल्ला स्थित ओम प्रकाश के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें आइसा के राज्य सचिव सबीर कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आइसा का दूसरा जिला सम्मेलन आगामी 6 मई को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक पहुंचकर छात्रों और नौजवानों को संगठन से जोड़ने की योजना बनाई गई।
बैठक में शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही यूजीसी रेगुलेशन एक्ट को रोहित एक्ट के तर्ज पर लागू करने तथा नई शिक्षा नीति और वीबीएसए को खारिज करने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर आइसा जिला अध्यक्ष अनुप शर्मा, नगर सचिव अंकित सिद्धार्थ, नगर अध्यक्ष अखिलेश ठाकुर, अजीत कुमार तथा भाकपा माले के नगर सचिव ओम प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





























































































