आशिक कर रहा था शादी, प्रेमिका ने रुकवाया विवाह

0
1390

– डुमरांव थाने में लगा तीन परिवारों को मजमा, किशोरी ने दिए सबूत
बक्सर खबर। प्यार किसी और से और शादी किसी और से, ऐसा नहीं होगा। यह दावा करते हुए शुक्रवार को एक प्रेमिका ने अपने आशिक की शादी रुकवा दी। हालांकि इसके लिए उसे बहुत फजीहत झेलनी पड़ी। लेकिन, वह टस से मस नहीं हुई। उसके साथ जीने मरने की कसम खाने वाले उमेश चौधरी की तस्वीरें और अन्य प्रमाण भी उसने पुलिस के सामने रख दिए। अंतत: युवक का विवाह रोक दिया गया। हालांकि इस दौरान लड़की व लड़के वाले (जिनके मध्य आज रिश्ता होने वाला था।) भी थाने पहुंचे और दूसरी तरफ उस परिवार के लोग भी पहुंच गए। जहां से वह किशोरी आई थी।

पूछने पर पुलिस के सूत्रों ने बताया कि अपनी शिकायत लेकर हमारे यहां पहुंची किशोरी यूपी के नरहीं की रहने वाली थी। उसकी शिकायत सही पाई गई। तीनों परिवारों के मौजूदगी में पुलिस ने समझौता कराते हुए तय किया कि नवंबर में उक्त किशोरी के बालिग हो जाने पर इय युवक के साथ उसका विवाह होगा। उमेश चौधरी पुत्र मुक्ती चौधरी डुमरांव थाना क्षेत्र के बन्हेजी डेरा गांव का निवासी है। उसका विवाह डुमरांव के नथुनी के बाग मोहल्ले की एक युवती से होने वाला था। 12 को तिलक की रस्म हुई थी। आज विवाह संपन्न होने वाला था। इसकी भनक उमेश की प्रेमिका को लग गई।

वह तत्काल डुमरांव थाना पहुंच इस शादी को रुकवाने की जिद करने लगी। उसके जिद के आगे आखिर कार सबको झुकना पड़ा। वही उमेश को भी मोहब्बत में धोखा देने की सीख मिल गई है। इस दौरान तीनों परिवार के लोग देर तक रोते गिड़गिड़ाते भी देखे गए। बहरहाल प्रेमिका की जीत के बाद यह शादी भी रूक गई है। समझौते के अनुसार लड़के वालो को कन्या पक्ष से मिले दहेज की रकम, बाइक तथा अन्य सामग्री को लौटाना है। थानाध्यक्ष बिंदेश्वर राम ने कहा कि दोनों पक्षों की सहमति से इस मामले का निष्पादन करा दिया गया है। उन्होंने के कहा कि किशोरी के बालिग होने के बाद उसकी शादी करवाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here