बिजली की आंख मिचौली: एसडीएम ने बुलाई आपात बैठक, अभियंताओं से किया जवाब-तलब

0
402

मोबाइल पर पहले दें शटडाउन की सूचना, अगले 20 साल के लोड के हिसाब से बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने के निर्देश                                                                   बक्सर खबर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर मंगलवार को सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर व ग्रामीण विद्युत विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम ने बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने के कारणों पर विद्युत विभाग के अभियंताओं से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि लगातार पावर कट से शहर और गांवों के लोग परेशान हैं तथा इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। विद्युत विभाग के अभियंताओं ने बताया कि इंडक्शन चूल्हों, एयर कंडीशनरों, पंखों और कूलरों के बढ़ते उपयोग से बिजली की मांग काफी बढ़ गई है। अत्यधिक लोड के कारण कई स्थानों पर तार जलने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

एसडीएम ने तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में बिजली के तार बिछाते समय अगले 10 से 20 वर्षों की संभावित मांग और बढ़ते लोड को ध्यान में रखा जाए। उसी के अनुरूप तारों की मोटाई और करंट वहन क्षमता निर्धारित की जाए। बैठक में मेंटेनेंस के लिए होने वाले शटडाउन पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने निर्देश दिया कि नियमित मेंटेनेंस का समय पहले से तय किया जाए। शटडाउन की सूचना उपभोक्ताओं को मोबाइल के माध्यम से पहले ही उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोग अपने जरूरी कार्यों की योजना बना सकें। उन्होंने कहा कि पूर्व सूचना मिलने से उपभोक्ताओं का सहयोग भी मिलेगा और विभाग को मेंटेनेंस कार्य करने में सुविधा होगी। एसडीएम ने दिन-रात बिजली आपूर्ति बहाल रखने में लगे लाइनमैन और अन्य कर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने ऐसे कर्मियों को प्रोत्साहन राशि देने की भी आवश्यकता जताई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here