सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर बक्सर खबर। सेंट्रल जेल में कार्यरत एक होमगार्ड जवान मंगलवार की देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा-बक्सर मार्ग पर लाढ़ोपुर नारा के समीप हुआ। मिली जानकारी के अनुसार जवान बाइक से रात्रि ड्यूटी के लिए सेंट्रल जेल जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जवान घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
इधर, क्षेत्र भ्रमण पर निकले मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार की नजर सड़क किनारे पड़े घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए जवान को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल जवान की पहचान उत्तर प्रदेश के जमानिया निवासी 25 वर्षीय ओम प्रकाश के रूप में हुई है। वह बक्सर सेंट्रल जेल में होमगार्ड जवान के पद पर कार्यरत है। फिलहाल उनका इलाज वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
































































































