शासन का फरमान : ड्यूटी से चुके तो नपेंगे, सेल्फी ली तो फसेंगे

0
1777

बक्सर खबर : दुर्गा पूजा और मुहर्रम का त्योहार शांति पूर्ण ढंग से मनाया जाए। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी चल रही है। बुधवार को पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं का पट खुल जाएगा। इसके साथ ही प्रशासनिक ड्यूटी पर लगे दंड़ाधिकारी व पुलिस की ड्यूटी प्रारंभ हो जाएगी। इसका संयुक्त आदेश जिला प्रशासन ने मंगलवार को जारी कर दिया। रामलीला मैदान में शांति समिति सह विधि व्यवस्था की खुली बैठक बुलाई गई। जहां डीएम अरविंद कुमार वर्मा व एसपी राकेश कुमार ने पदाधिकारियों समेत आम जन मानस को संदेश दिया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले नपेंगे। साथ ही अगर कोई अफवाह फैलाता मिला तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। चाहे वह सोशल मीडिया के माध्यम से हो। डीएम ने स्पष्ट कर दिया। त्योहार की उमंग के साथ जिले की शांति हमारी प्रथम प्राथमिकता है। उसे जो भी बाधित करेगा। वह जेल की हवा खाएगा।

एसपी राकेश कुमार ने भी स्पष्ट कर दिया। ध्यान रहे पूजा पंडाल पर तैनात पुलिस बल अथवा प्रशासनिक अधिकारी सेल्फी के चक्कर में न रहें। अगर आप ऐसा करते पाए गए तो कार्रवाई की जद में आप भी होंगे। क्योंकि आपका काम व्यवस्था बनाए रखना एवं जन मानस की मदद करना है। फोटो खींचना नहीं। बैठक में डीडीसी मोबीन अली अंसारी, दोनों एसडीओ गौतम कुमार व प्रमोद कुमार एवं सभी मातहत अधिकारी व तीनों डीएसपी बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा सभी बीडीओ, सीओ और थानेदार भी मौजूद रहे।
दो को होगा विसर्जन
बक्सर : तीस सितम्बर को विजया दशमी है। अगले दिन मोहर्रम का त्योहार है। जिसमें ताजिया का जुलूस निकलता है। हिन्दू मान्यता के अनुसार रविवार को विसर्जन नहीं होगा। अत: जिस रूट से ताजिया का जुलूस निकलना हो। वहां के अधिकारी विशेष ध्यान रखेंगे। साथ ही दो अक्टूबर को शाम होने से पहले हर हाल में विसर्जन का कार्य पूरा हो। नहीं तो अंधेरा होने पर दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
नौका पर नहीं होगा विसर्जन
बक्सर : जिले के जितने भी गंगा अथवा नदी के घाट हैं। वहां विसर्जन के दौरान नौका नहीं चलेगी। इसका सख्त आदेश जारी किया गया है। हर छोटे बड़े घाट पर प्रशासनिक टीम रहेगी। डीएम अरविंद कुमार ने बताया इस वर्ष चौसा के महादेवा घाट व गंगा ब्रिज के पास विशेष सतर्कता बरती जाएगी। क्योंकि इन दोनों जगहों पर समस्या खड़ी हुई थी। यहां एनडीआरफ की टीम तैनात रहेगी।
कंट्रोल रुम को देनी होगी सूचना
बक्सर : जितने भी अधिकारी जिले भर में तैनात होंगे। वे हर छोटी बड़ी घटना की सूचना कंट्रोल रुम को देंगे। जिससे प्रशासनिक अधिकारी सभी अपडेट से अवगत रहें। जरुरत पडऩे पर समय रहते उचित मदद मुहैया कराई जा सके।
पुलिस वाले करें अच्छा बर्ताव
बक्सर : एसपी राकेश कुमार पुलिस वालों को विशेष हिदायत देते हुए कहा आप लोगों के साथ अच्छा बर्ताव करें। हम सरकारी कर्मचारी हैं। हमारा दायित्व बनता है। लोगों की मदद करना। रास्ता भटकने वालों को पूछने पर बताए। क्योंकि मेले में ऐसे बहुत लोग आते हैं। जिन्हें रास्तों की जानकारी नहीं होती। उनकी मदद करना। भटके बच्चों को सही जगह पहुंचाना। इन सभी पर ध्यान रखना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here