‌‌‌व्रतियों की आस्था देख ठहर गए भगवान भास्कर, लाखों लोगों ने दिया सूर्य को अर्घ्य

0
284

– पूरे जिले में उल्लास के साथ मनाया गया छठ का त्योहार
-गुरुवार की तड़के फिर गुलजार होंगे घाट, जेल में भी महिला बंदिओं ने रखा व्रत
बक्सर खबर। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर लोगों उत्साह बुधवार को देखते बन रहा था। बक्सर के नगर के 16 छोटे बड़े घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु अपराह्न साढ़े चार बजे से ही पहुंचने लगे थे। सोमेश्वर स्थान, जेल घाट, फुआ घाट, लक्ष्मीनारायण घाट, नाथ बाबा घाट, रामरेखा घाट, जहाज घाट, सती घाट, गोलाघाट, रानी घाट, सिद्धनाथ घाट समेत अहिरौली तक गंगा किनारे लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा था।

छठ पूजा के उत्साह से लबरेज श्रद्धालु

लोगों की सुरक्षा के लिए गंगा में नौका परिचालन बंद था और एनडीआरएफ व जिला प्रशासन के द्वारा प्रतिनियुक्त गोताखोर अपनी ड्यूटी बजा रहे थे। सांसद सह केन्द्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे से लेकर, सदर विधायक संजय तिवारी व डीएम, एसपी समेत तमाम छोटे बड़े अधिकारी गंगा के रास्ते श्रद्धालुओं को छठ व्रत की शुभकामना देते देख गए। संध्या छह बजे के बाद पूजन संपन्न कर व्रती अपने घरों को रवाना हो गए। गुरुवार की सुबह पांच बजे फिर घाटों पर श्रद्धालु जमा होंगे और उदित हो रहे भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

रामरेखा घाट के पास उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

महिला बंदियों ने जेल में रखा व्रत
बक्सर खबर। शहर के सिविल लाइन मुहल्ले में स्थित महिला जेल में भी बंदियों ने छठ का व्रत किया था। जेल प्रशासन ने उनके लिए पूजन सामग्री के अलावा नए वस्त्र का इंतजाम किया था। आस्था का ध्यान रखते हुए हर आवश्यक इंतजाम किया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार 26 से अधिक महिला बंदियों ने इस बार व्रत किया है। उनके लिए पात्रों में जल भरकर की व्यवस्था की गई थी। सरकार के निर्देशों का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने स्वयं के स्तर से भी व्यवस्था की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here