‌‌‌टली बड़ी दुर्घटना : ट्रेन को डिरेल कराने की साजिश

0
709

-रेल लाइन पर रखी टूटी पटरी, संघमित्रा बनती शिकार
बक्सर खबर। पटना-दीनदयाल रेल खंड पर मंगलवार की बड़ी दुर्घटना टल गई। क्योंकि अप लाइन पर गहमर स्टेशन के पास किसी ने रेल पटरी के दो टुकड़े रख दिए थे। इसकी जानकारी रात 12:45 में गहर स्टेशन को मिली। जब डाउन लाइन पर आ रही 13202 कुर्ला एक्सप्रेस के चालक की नजर उस पर पड़ गई। संयोग देखिए महज दस मिनट बाद उस ट्रैक से संघमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस गुजरने वाली थी।

लेकिन, सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने दानापुर कंट्रोल को इसकी सूचना दी। बक्सर से आगे बढ़ चुकी संघमित्रा एक्सप्रेस को चौसा में रोक लिया गया। सूचना मिलते ही दिलदारनगर आरपीएफ की टीम वहां पहुंची। मौके से लोहे की पटरियों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार आरपीएफ ने इसकी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ऐसा किसने और किस नियत से किया। इसका पता लगाया जा रहा है।

लेकिन, यहां गौर करने वाली बात यह है कि यह ट्रैक 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाला है। अगर ट्रेन वहां से गुजरती तो वह पटरी से उतर सकती थी। फिर क्या होता इसका अनुमान आप भी लगा सकते हैं। रेलवे के सूत्रों के अनुसार रात 8:55 में राजधानी एक्सप्रेस व 9:10 में सम्पूर्णक्रांति उस रुट से गुजर चुकी थी। अर्थात ऐसा करने वालों ने रात दस से 12 के मध्य ऐसा किया। वह तो संयोग रहा। डाउन लाइन में आ रही कुर्ला एक्सप्रेस का गहमर में ठहराव था। लोको पायलट की नजर स्टेशन में प्रवेश करते समय उस पर पड़ गई और बड़ी दुर्घटना टल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here