आठवें वेतन आयोग का लाभ और रेल कंसेशन बहाल करने की भी मांग बक्सर खबर। स्थानीय पुराना सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार को पेंशनर्स एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धर्मदेव तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री अरुण कुमार ओझा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए अरुण कुमार ओझा ने पेंशन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेंशन कर्मचारियों की वर्षों की लड़ाई का परिणाम है, जिसे समाप्त करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2004 से लागू नई व्यवस्था और कोरोना काल में रोके गए महंगाई भत्ते का अब तक भुगतान नहीं किया जाना चिंताजनक है।
अरुण ओझा ने कहा कि एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, बीते 11 वर्षों में की गई कटौतियों पर रोक, सभी पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग का लाभ देने तथा रेलवे में पूर्व की भांति कंसेशन सुविधा बहाल करना शामिल है। उन्होंने इन मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। बैठक में अवध बिहारी सिंह, बीरेन्द्र सिंह, राजाराम सिंह, विश्वनाथ प्रसाद, बसंती देवी, राम सुरेश सिंह, उषा देवी, आशा देवी, हरिराम सिंह, परमहंस सिंह, शशीबाला एवं सिद्धनाथ यादव सहित कई सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और पेंशनरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।






























































































