नागरिक सेल्फ इन्यूमेशन पोर्टल के जरिए खुद दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जनगणना 2027 को लेकर स्वगणना विषय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा स्वयं स्व-घोषणा पत्र भरकर की गई, जिससे इस नई प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बताया कि देश के इतिहास में पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस मोड में आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही आम नागरिकों को स्वगणना का अवसर प्रदान किया गया है, जो इस प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का महाअभियान बताते हुए कहा कि इसके आधार पर आने वाले 5 से 10 वर्षों की विकास योजनाएं तय होती हैं। इसलिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक se.census.gov.in लिंक के माध्यम से आसानी से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। लॉगिन के बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए प्रक्रिया शुरू होती है, जिसमें कुल 33 सरल प्रश्नों के उत्तर भरने होते हैं। अंत में सबमिट करने पर एक यूनिक आईडी प्राप्त होती है, जिसे प्रगणक के सत्यापन के समय प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कम से कम 10 लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करें, ताकि यह अभियान व्यापक स्तर पर सफल हो सके। बैठक में जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।





























































































