‌‌‌ थर्मल पावर परिसर में मजदूर की मौत, विरोध में सड़क जाम

0
53

-तालाब में पानी का लेवल चेक करने गया था युवक
बक्सर खबर। थर्मल पावर में काम करने वाले युवक की मौत तालाब में डूबने से हो गई। घटना दोपहर बाद प्रकाश में आई। मृत युवक शुभम कुमार (22) पुत्र शिव शंकर सिंह ग्राम देवढ़ियां, थाना राजपुर का निवासी था। सूचना के अनुसार दोपहर बाद जब उसके साथी लंच करने पहुंचे तो देखा उसका झोला और टिफीन अपने स्थान पर पड़े हैं। उसका कहीं पता नहीं है। साथियों को उसकी चिंता हुई तो वे तलाश में जुटे। पूछताछ में पता चला वह तालाब का वाटर लेवल चेक करने गया था।

तब गोताखोरों और मजदूरों की टोली ने तालाब में उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद शव मिला। इसकी सूचना पुलिस और परिवार को दी गई। शाम होने से पहले परिजन भी पहुंच गए। इसके उपरांत साथी मजदूरों ने थर्मल पावर के गेट के समक्ष चौसा-बक्सर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। वे पीड़ित परिवार को मुआवजा और नौकरी की मांग कर रहे थे। पुलिस सभी को वहां से हटाकर आवागमन बहाल करने में जुटी थी।

सड़क अवरूद्ध किए जाने से खड़े वाहन

पूछने पर मुफस्सिल के थानाध्यक्ष शंभू भगत ने मीडिया को बताया। पूछताछ में यह पता चला है। डूबने के कारण युवक की मौत हुई है। वह तालाब में पानी का लेवल चेक करने का काम करता था। दुर्घटना के वक्त भी वह उसी कार्य के लिए गया था। संभवत: पैर फिसल जाने के कारण वह तालाब में जा गिरा होगा। इस तालाब में गंगा के पाइप के रास्ते पानी भरा जाता है। जब मानक के अनुरूप पानी जमा हो जाता है। तब कर्मी सूचना देकर पंप बंद करवाते हैं। यह युवक उसी काम में था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here