जन सुराज जिलाध्यक्ष बोले- न्याय मिलने तक संघर्ष रहेगा जारी बक्सर खबर। जिले के नियमित रक्तदाता एवं जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने मंगलवार को स्थानीय ब्लड बैंक में अपने जीवन का 91वां रक्तदान किया। उन्होंने यह रक्तदान बिलौटी निवासी दिवंगत भरत भूषण तिवारी की तेरहवीं पर श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया। रक्तदान के बाद उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी ने भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ लड़ते हुए अपनी जान गंवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय मिलने तक जन सुराज पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। बजरंगी मिश्रा ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। उनका उद्देश्य समाज में मानवता, दया और करुणा की भावना को मजबूत करना तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
































































































