जिला समन्वय समिति की बैठक में अनुपस्थित अफसरों का वेतन रोकने और आपसी समन्वय से काम करने के सख्त निर्देश बक्सर खबर। समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई गई। बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ उनका एक दिन का वेतन अवरुद्ध करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि ई-मापी से जुड़े सभी लंबित मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर हर हाल में करें।
सहयोग पोर्टल की समीक्षा में 10 दिनों से अधिक समय से लंबित परिवादों पर भी नाराजगी जताई गई। संबंधित अधिकारियों को कारण बताने के साथ निर्धारित समय सीमा में सभी परिवादों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 98.4 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परिमार्जन पूरा करा चुके किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी मामलों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को समय पर त्रुटिरहित तथ्य विवरणी तैयार करने का निर्देश दिया गया। विधि शाखा के प्रभारी को एक या दो लंबित मामलों वाले कार्यालयों से समन्वय कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से आपसी समन्वय बढ़ाने, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा संवेदना, सम्मान और पूर्ण निष्ठा के साथ आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
































































































