शराब के नशे में गिरफ्तार भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पार्टी से निष्कासित

0
382

कार्यकर्ताओं को दुर्गेश उपाध्याय ‘विद्रोही’ से रिश्ता खत्म करने का फरमान जारी                                                            बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय ‘विद्रोही’ को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया है। यह आदेश भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश संयोजक सतीश कुमार श्रीवास्तव ‘राजू’ द्वारा जारी किया गया है। दुर्गेश उपाध्याय ‘विद्रोही’ पर पार्टी की रीति-नीति, अनुशासन और सिद्धांतों के विपरीत गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप है। पार्टी विरोधी गतिविधियों और घोर अनुशासनहीनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई की मुख्य वजह उनकी हालिया गिरफ्तारी को माना जा रहा है। बीते 27 जून को नगर थाना की पुलिस ने उन्हें शहर के नया बाजार इलाके से शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार किया था। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के कारण इस घटना से पार्टी की छवि धूमिल हुई थी, जिसके बाद संगठन ने त्वरित एक्शन लिया। प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि अब से पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी दुर्गेश उपाध्याय ‘विद्रोही’ से संगठन के संदर्भ में किसी भी प्रकार का संपर्क या पत्राचार नहीं रखेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पत्र की प्रतिलिपि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री और बक्सर के जिलाध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here