जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई श्रद्धांजलि सभा, दो मिनट का मौन रख देश सेवा का लिया संकल्प बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने मंगलवार को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहा। कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनका संघर्ष देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. मुखर्जी के कई सपनों को साकार करने का कार्य हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। सभा में वरिष्ठ कार्यकर्ता मिठाई सिंह, जिला मंत्री संध्या पांडेय, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश राय, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय, नमो ऐप संयोजक भास्कर सिंह तथा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रूपेश दुबे सहित कई नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति के सदस्य, पदाधिकारी एवं जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।





























































































