जिले में एडवांस पैथोलॉजी विकसित करने का दिया आश्वासन बक्सर खबर। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से रविवार को जदयू नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में जदयू नेता डॉ. शक्ति कुमार शोला, जदयू प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य एवं रोगी कल्याण समिति सदस्य रवि राज तथा राघवेंद्र उज्जैन शामिल थे। मुलाकात के दौरान नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को अंगवस्त्र, डायरी और प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
रोगी कल्याण समिति सदस्य रवि राज ने सदर अस्पताल बक्सर समेत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में मौजूद विभिन्न कमियों से मंत्री को अवगत कराया। स्वास्थ्य मंत्री ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने जिले में तकनीकी रूप से उन्नत पैथोलॉजी सेवाओं के विकास की दिशा में पहल करने की बात भी कही। मंत्री ने संकेत दिया कि निकट भविष्य में उनका बक्सर दौरा भी तय हो सकता है।

































































































