झब्बू बाबू के निधन से अधिवक्ता जगत में शोक की लहर, श्रद्धांजलि सभा आयोजित

0
42

युवा अधिवक्ता कल्याण समिति संघर्ष मोर्चा ने दी श्रद्धांजलि                                                                    बक्सर खबर। चौसा में युवा अधिवक्ता कल्याण समिति संघर्ष मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में वरीय अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा उर्फ झब्बू बाबू के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। सभा में दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा विधि जगत के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित व्यक्तित्व थे। उनका निधन अधिवक्ता समाज और पूरे जिले के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि झब्बू बाबू ने अपने जीवनकाल में न्याय, सत्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

डॉ. मनोज ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। बताया गया कि झब्बू बाबू का जन्म वर्ष 1935 में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1965 से अधिवक्ता के रूप में न्यायिक सेवा की शुरुआत की थी। अपने लंबे विधिक जीवन में उन्होंने न्याय और कानून के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। इस अवसर पर अधिवक्ता डॉ. सुनील कुमार सिंह, नोटरी रामलखन पाल, विनोद कुमार यादव, नितेश कुमार उपाध्याय, संजय कुमार सिंह, बबन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।‌

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here