यूपी के मंत्री रविन्द्र जायसवाल और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद समेत कई दिग्गज होंगे शामिल बक्सर खबर। अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा की तृतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक 14 जून को कोलकाता में आयोजित होगी। इसकी जानकारी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय युवा प्रभारी एडवोकेट शैलेंद्र जायसवाल तथा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने बताया कि बैठक के साथ सर्वोच्च अधिकार समिति की बैठक, पश्चिम बंगाल जायसवाल महासभा के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं मंगल मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम कोलकाता के तेघोरिया स्थित वरमाला बैंक्वेट में होगा। समारोह में विभिन्न राज्यों के मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद तथा विधायक रमेश जायसवाल समेत कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं को सशक्त करने, जरूरतमंद छात्रों की सहायता, गरीब कन्याओं के विवाह सहयोग तथा राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक समन्वय बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। जातीय जनगणना, आगामी चुनावों में समाज की भूमिका और विभिन्न उपवर्गों के बीच सामाजिक एकता पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय चौधरी ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की एकता, संगठन की मजबूती और भावी दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बक्सर सहित देशभर के समाजबंधुओं से कोलकाता पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।


































































































