अस्पतालों और होटलों में अग्नि सुरक्षा ऑडिट, कई प्रतिष्ठानों को दिए गए निर्देश

0
92

फायर सेफ्टी मानकों की जांच, अनुपालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई                                  बक्सर खबर। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटल एवं लॉजिंग प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने किया। निरीक्षण दल में सहायक अग्निशमन पदाधिकारी भानु प्रताप, अग्निक हरेराम सिंह एवं अग्निक नीतीश कुमार शामिल रहे। टीम ने अस्पतालों एवं नर्सिंग होम में अग्नि सुरक्षा अनुपालन, विद्युत भार विश्लेषण तथा अग्नि सुरक्षा प्रबंधन का ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले परिसरों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सीलिंग नोटिस जारी करने की चेतावनी भी दी गई।

अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र स्थित मां शिवरात्रि हेल्थ हॉस्पिटल, गोलंबर स्थित देवराज हॉस्पिटल तथा महामाया क्लीनिक का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा पीपी रोड स्थित रीवर फ्रंट होटल, ट्रेन रेस्टोरेंट तथा सिविल लाइन स्थित द हंगर ट्रेन का भी अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा तथा एलपीजी सिलेंडरों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं स्व-घोषणा पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि अस्पतालों, होटलों एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here