जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौती, किसान अपनाएं फसल विविधीकरण: डीएम 

0
18

जिलाधिकारी व डीडीसी ने किया खरीफ महाभियान का शुभारंभ, 10 जून से प्रखंडों में लगेंगे शिविर                                                                 बक्सर खबर। जिले में सोमवार को शारदीय (खरीफ) महाभियान का शुभारंभ किया गया। स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला और उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों का सर्वांगीण विकास महाभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। बढ़ते तापमान, हीट वेव और प्राकृतिक आपदाओं का असर फसलों पर पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की जरूरत है। डीएम ने कृषि विभाग के कर्मियों को निर्देश दिया कि गांवों में नियमित रूप से किसान चौपाल लगाकर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में भी काम करें।

उन्होंने कहा कि किसान स्वायल हेल्थ कार्ड की अनुशंसा के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करें। इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी और खेती की लागत घटने के साथ आय में भी बढ़ोतरी होगी। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने कहा कि उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से खेती और उत्पादन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए किसानों को वैज्ञानिक सलाह के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए। जिला कृषि पदाधिकारी ने खरीफ मौसम में चलने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषि मैपर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में 10 से 22 जून तक प्रखंड स्तरीय शारदीय (खरीफ) महाभियान आयोजित होगा। वहीं 11 से 30 जून तक कृषि जनकल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान भी चलाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here