मोबिल गोदाम में भीषण आग, छह वाहन जलकर खाक

0
24

पेट्रोल पंप परिसर में मची अफरातफरी, 20 से 22 लाख की मोबिल स्वाहा                                  बक्सर खबर। शहर के आईटीआई फील्ड के समीप रविवार शाम मां अंबे फ्यूल सेंटर के पीछे स्थित मोबिल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का मोबिल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। वहीं परिसर में खड़ी विभिन्न कंपनियों की पांच कार और एक ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आ गए। सभी वाहन जलकर खाक हो गए। अगलगी की घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार शहर के कई हिस्सों से दिखाई दे रहा था। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर जुट गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

इस दौरान आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया। कई लोगों ने छतों से पानी फेंका, जबकि कुछ ने निजी बोरिंग चलाकर पानी की बौछार की। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं होता तो आसपास के क्षेत्रों को भी नुकसान पहुंच सकता था। पेट्रोल पंप संचालक कमलेश पाल ने बताया कि गोदाम में करीब 20 से 22 लाख रुपये मूल्य का मोबिल रखा हुआ था, जो पूरी तरह जल गया। इसके अलावा छह वाहनों के जलने से अलग से भारी क्षति हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही कुल नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here