पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान: टीएन चौबे बक्सर खबर। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब देश के बाजार पर भी दिखने लगा है। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी समेत पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। बुधवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता टीएन चौबे ने शहर के स्टेशन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल मशीन पर माला और पुष्प अर्पित कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। घर का किचन प्रभावित हो चुका है और लोगों की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जरूरी चीजें आम जनता की पहुंच से दूर होती जा रही हैं।
टीएन चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी है तो मुमकिन है” का नारा अब जनता के लिए मुश्किलों का कारण बन गया है। देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है और आम लोग परेशान हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस जल्द ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान हटाकर विदेश दौरों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार को देश की आर्थिक स्थिति और बढ़ती महंगाई पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब जनता ही इसका जवाब देगी।
































































































