न्यायालय की गरिमा कर्मियों के व्यवहार से तय होती है : काजल झांब

0
92

नवनियुक्त लिपिकों का प्रशिक्षण, न्यायिक प्रक्रिया की बारीकियों से कराया गया अवगत                                            बक्सर खबर। स्थानीय व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा सदन में रविवार को नवनियुक्त लिपिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि न्यायालयीय प्रक्रिया और कार्य संपादन की कला का कुशल प्रशिक्षण न्यायिक कर्मियों के लिए बेहद जरूरी है। न्यायालय का वातावरण विश्वविद्यालय से अलग होता है। यहां संवेदनशीलता, अनुशासन और व्यवहार कुशलता के साथ कार्य करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित और निराश लोग न्याय की उम्मीद लेकर न्यायालय पहुंचते हैं। उनकी पहली मुलाकात न्यायालय कर्मियों से होती है। ऐसे में कर्मचारियों का व्यवहार ही न्यायालय की साख और गरिमा तय करता है।

कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया जीवन भर चलती रहती है। न्यायाधीश भी प्रतिदिन सीखते हैं। जागरूक और संवेदनशील कर्मचारी न्याय प्रशासन की रीढ़ होते हैं। नोडल अधिकारी सह न्यायिक दंडाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि नए कर्मचारियों को वरिष्ठ कर्मियों के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हर विभाग की कार्यप्रणाली से उन्हें परिचित कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का अगला सत्र अगले रविवार को भी आयोजित होगा। प्रभारी प्रशासन राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कैदियों को जेल भेजने से पूर्व सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन अनिवार्य है। कैदियों के अधिकारों की रक्षा करना न्यायालय की जिम्मेदारी है। पूर्व सिरेस्तदार अजय कुमार सिंह ने न्यायिक प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। वहीं दीवानी मामले के सिरेस्तदार रजनीकांत मिश्र ने स्वत्व वाद सहित अन्य दीवानी मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया समझाई।

प्रशिक्षण के दौरान नए कर्मचारियों को न्यायालयीय कार्य प्रणाली, पत्राचार, न्यायिक रजिस्टरों के संधारण तथा न्यायिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय मनीष कुमार शुक्ला, सुधीर कुमार, सुनील कुमार, नाजिर संतोष कुमार द्विवेदी, सिस्टम ऑफिसर विजय कुमार सिंह, नायब नाजिर दीपक गुप्ता सहित कई न्यायिक पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मौके पर अविनाश कुमार, दीक्षित कुमार, रविशंकर झा, राहुल कुमार, मंजुला कुमारी, कोमल सिंह, सोनम कुमारी, प्रिया कुमारी, कहकशां परवीन, सतीश कुमार और राजेश कुमार सहित अन्य नव नियुक्त कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here