जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने उनके आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत बक्सर खबर। व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित पुस्तकालय भवन में दिवंगत अधिवक्ता स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद चौबे की 13वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा ने की। मंच संचालन वरीय अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने किया। अपने संबोधन में बबन ओझा ने कहा कि स्व. चौबे ने लंबे समय तक व्यवहार न्यायालय में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने अपने ज्ञान, व्यवहार और कार्यशैली से लोगों का मार्गदर्शन किया। वे अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत थे।
अधिवक्ता जनार्दन राय ने कहा कि स्व. चौबे के आदर्श और संस्कार आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और न्याय व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं स्व. चौबे की शिष्या साधना पांडेय ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और आचरण से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में अधिवक्ता हरिशंकर शर्मा, रामाकांत पांडेय, श्रीमन्नारायण ओझा, शेषनाथ सिंह, दिनानाथ सिंह, जनार्दन शर्मा, जितेंद्र दुबे, रामाकांत तिवारी, रामकृष्ण चौबे, पप्पू मिश्रा, सुजित सिंह, कंचन उपाध्याय, अरविंद चौबे एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

































































































