विश्व रेड क्रॉस दिवस पर ब्लड डोनेशन कैंप और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन बक्सर खबर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला द्वारा झंडातोलन कर किया गया। इसके बाद उन्होंने ब्लड डोनेशन कैंप एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर “मानवता में एकजुटता” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने रेड क्रॉस की सेवा भावना और सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि संस्था को और मजबूत बनाकर सुदूर क्षेत्रों तक इसकी सेवाएं पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में रेड क्रॉस की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा जिला प्रशासन हर स्तर पर संस्था को सहयोग देने के लिए तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं रेड क्रॉस सोसाइटी को सहयोग करने वाली विभिन्न संस्थाओं को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एडीएम अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सिविल सर्जन एवं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने किया। उन्होंने संस्था के पूर्व एवं आगामी कार्यों की जानकारी देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, राजीव सिंह, सतेंद्र सिंह, ओमजी यादव, निसार अहमद, मनोज राय, अविनाश जायसवाल, इफ्तखार अहमद, शाहिद जमाल, डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, नंदू पांडेय, डॉ. पीके पांडेय, डॉ. दिलशाद आलम, अधिवक्ता सुरेश संगम, चेयरमैन प्रतिनिधि नेयामतुल्लाह फरीदी, अरविंद चौबे, डॉ. उज्जवल राय, ब्रजकिशोर सिंह, सचिन राय, गुड्डू जायसवाल, मुकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार समेत मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष एवं सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं पांच लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

































































































