अस्पतालों और स्कूलों में अग्निशमन यंत्र संचालन का दिया गया प्रशिक्षण बक्सर खबर। जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर गुरुवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सब ऑफिसर भानु प्रताप तथा अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में निरीक्षण, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने और तत्काल बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी बैनर और होर्डिंग लगाकर लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत सदर अस्पताल में वृहद स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जहां अस्पताल कर्मियों को आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा प्राथमिक बचाव उपायों की जानकारी दी गई। इसके अलावा सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटाढ़ी, प्राथमिक विद्यालय राजपुर, प्राथमिक विद्यालय शाहबाजपुर तथा मध्य विद्यालय बनारपुर में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विभागीय कर्मियों ने पंपलेट वितरित कर लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए तथा आपातकालीन स्थिति में डायल 101 और 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी होना बेहद जरूरी है। जागरूकता और त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।

































































































