सरेराह किशोर को मारी गोली, हालत नाजुक

0
2523

खून से लथपथ मनीष अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग, पुलिस की छापेमारी जारी                                    बक्सर खबर। जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद के बाद एक किशोर को गोली मार दी गई। घटना एकौना और दुबौली गांव के बीच की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव को दुबौली गांव के रौनक तिवारी ने गोली मार दी। गोली मनीष के पेट में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के समय मनीष अपनी बाइक से एकौना से दुबौली की ओर जा रहा था, जबकि रौनक अपने घर से एकौना की तरफ आ रहा था। रास्ते में दोनों की आमने-सामने मुलाकात हुई, इसी दौरान मनीष द्वारा कुछ कहे जाने पर रौनक नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो सीधे मनीष के पेट में जा लगी। गोली लगते ही मनीष खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए। समाचार लिखे जाने तक मनीष की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here