रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध युवक गिरफ्तार, दो स्मार्टफोन बरामद

0
242

आरपीएफ के ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई                                                                   बक्सर खबर। आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। युवक के पास से दो महंगे स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिन्हें उसने यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार एवं आरक्षी करण सिंह द्वारा स्टेशन परिसर में रात्रि गश्ती और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता दिखाई दिया। बल के जवानों को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए मौके पर ही उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम माझिल शाह, पिता मोहन शाह, निवासी केशोपुर थाना सिमरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने ये मोबाइल फोन उसी रात ट्रेन में यात्रियों से चोरी किए थे। आरपीएफ ने आरोपी को जब्त सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना को सौंप दिया है। गौरतलब है कि आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here